हठयोग का आधारभूत नियम क्या है?
§ उत्तर
हठयोग को शिव द्वारा प्रवर्तित माना जाता है। हठयोग में देशी गाय के दूध, दही व घी आदि का विशेष महत्त्व है।
हठयोग मनुष्य के शरीर पर और उसकी शारीरिक प्रकृति पर आधिपत्य का योग है।
हठयोग आदर्श स्वास्थ्य, दीर्घायुष्य और अलौकिक शक्तियों को प्रदान करता है।
योगियों का मत है कि रुग्ण, अव्यवस्थित व असंतुलित शरीर की तुलना में स्वस्थ व सहज शरीर अधिक सरलतया बुद्धि व चैतन्य के आदेशों का पालन करता है क्योंकि कोई नहीं जान सकता कि अस्वस्थ शरीर में कब क्या समस्या आन पड़े। अत: अस्वस्थ शरीर की तुलना में स्वस्थ शरीर की उपेक्षा करना अधिक सरल होता है जबकि अस्वस्थ शरीर की अधिक देख-भाल करनी पड़ती है और उस पर अधिक ध्यान देना पड़ता है।
अत: हठयोग का प्रथम उद्देश्य है— स्वस्थ शरीर।
इसके अतिरिक्त योगियों का यह भी मत है कि अलौकिक शक्तियों का जागरण होने पर शरीर पर जबरदस्त तनाव व दबाव पड़ता है और यदि विशिष्ट अभ्यासों द्वारा भौतिक शरीर को प्रशिक्षित व तैयार नहीं किया गया है, जैसा कि यह अपनी सामान्य दशाओं में होता है, तो यह उन दबावों को झेल नहीं पाता और उन अंगों की गहन सक्रियता के साथ सामञ्जस्य नहीं रख पाता जो अलौकिक शक्तियों का जागरण होने पर अवश्यम्भावी है। नवीन शक्तियों का जागरण होने पर विशेषरूपेण हृदय, मस्तिष्क, तन्त्रिका-तन्त्र व कुछ अन्य अंगों पर अत्यधिक दबाव पड़ता है।
हठयोग के अनुसार सामान्यतया शरीर के पृथक् अंग प्राय: स्वतन्त्ररूपेण कार्य करते हैं और पृथक् क्रियाशीलता व संवेदनशीलता रखते हैं जो सभी मनुष्यों में समान नहीं होती। अत: प्रत्येक अंग के लिए पृथक्-रूपेण कार्य करना आवश्यक है। एतदर्थ योगियों द्वारा विविध आसन, प्राणायाम, बन्ध, षट्कर्म आदि आविष्कृत किए गए जिनकी एक निश्चित संख्या है।
हठयोगी श्वास को रोकने मात्र से किसी भी शारीरिक क्रिया को रोक सकते हैं और उसी दशा में बिना किसी हानि के दीर्घकाल तक बने रह सकते हैं। वे हृदयगति को रोक सकते हैं और उसे पुन: आरम्भ भी कर सकते हैं। वे इच्छाशुक्रस्खलन में समर्थ होते हैं अर्थात् वे जब तक चाहें तब तक शुक्रस्खलन नहीं होगा। हठयोगी अपनी प्राणशक्ति से स्वयं की व अन्यों की भी शारीरिक व्याधि को दूर करने में समर्थ होते हैं आदि इत्यादि।
शरीर के विषय में योगियों का यह आधारभूत सिद्धान्त है कि शरीर को उसकी प्राकृतिक दशा में किसी भाँति एक आदर्श उपकरण नहीं कहा जा सकता जैसा कि सामान्यतया उसे मान लिया जाता है। इस कारण शरीर के विभिन्न अंगों की क्रियाओं के नियमन व नियन्त्रण के लिए योगियों ने अनेक नियम विकसित किए। योगी मानते हैं कि शरीर स्वत: उत्थान नहीं कर सकता क्योंकि सहजवृत्तियाँ (instincts) अपनी क्रियाओं को पर्याप्त निर्देशित नहीं कर पातीं। अत: बुद्धि का बीच में पड़ना आवश्यक है।
हठयोग का आधारभूत नियम यह है कि
हठयोग की क्रियाओं को उसी “क्रम” में करना चाहिए
जो अपने “शारीरिक प्रकार” के अनुरूप हो (in accordance with one's physical type)!
हठयोग अधिष्ठान-भेद (शरीर-भेद) पर आधारित है।
अर्थात् समस्त मनुष्यों के कुछ निश्चित प्रकार हैं और प्रत्येक प्रकार के लिए एक पृथक् क्रम आवश्यक है। प्रत्येक मनुष्य किसी एक अथवा कुछ आसनों को अन्यों की तुलना में अधिक सरलता से कर सकता है। किन्तु सामान्य मनुष्य न तो अपने “शारीरिक प्रकार” (physical type) को जानता है और न ही यह जानता है कि कौन-से आसन उसके लिए सरल हैं और किनसे उसे आरम्भ करना चाहिए। इसके अतिरिक्त वह उन “आरम्भिक अभ्यासों” (peparatory exercises) को भी नहीं जानता जो प्रत्येक आसन के लिए पृथक् हैं और प्रत्येक “शारीरिक प्रकार” के लिए भी पृथक् हैं।
हठयोग का “पूर्ण ज्ञान” रखने वाला गुरु ही उसके लिए यह सब निर्धारित कर सकता है।
शिष्य का एक निश्चित समय तक निरीक्षण करने व कुछ निश्चित परीक्षण अभ्यासों (trial exercises) को कराने के उपरान्त गुरु उसके “शारीरिक प्रकार” को निर्धारित करता है और उसे बताता है कि किन आसनों से उसे आरम्भ करना चाहिए।
वह आसन निर्धारित हो जाने के उपरान्त, जिस पर शिष्य को कौशल अर्जित करना है, गुरु उसे कुछ विशिष्ट व क्रमिक अभ्यास करने को देता है जिन्हें वह उसके लिए प्रदर्शित भी करता है। इन अभ्यासों से उसका आसन “सिद्ध” हो जाता है
अर्थात् वह उस आसन की अपेक्षित मुद्रा को धारण करने में और एक निश्चित समय तक उसे बनाए रखने में समर्थ हो जाता है।
यही प्रक्रिया अगले आसन के लिए भी दोहराई जाती है।
एक अनुचित आसन (क्रम अथवा विधि की दृष्टि से) की चेष्टा असाध्य शारीरिक कष्टों को उत्पन्न कर सकती है। इसी कारण कहा गया है—
देखा-देखी साधै जोग। छीजै काया बाढ़ै रोग॥
अत: यह पूर्णतया स्पष्ट है कि हठयोग का अभ्यास किसी समर्थ व सुविज्ञ गुरु के बिना अशक्य ही है और इस महत्त्वपूर्ण तथ्य की उपेक्षा से स्थायी स्वास्थ्य-हानि भी हो सकती है।
योगियों का यह भी मत है कि
कुछ विशिष्ट प्रकार के मनुष्यों को राजयोग में एक निश्चित दक्षता अर्जित कर लेने के उपरान्त ही हठयोग का आरम्भ करना चाहिए
जबकि कुछ अन्य विशिष्ट प्रकार के मनुष्यों को हठयोग में एक निश्चित दक्षता अर्जित कर लेने पर ही राजयोग में प्रवेश करना चाहिए
तथा कुछ विशिष्ट प्रकार के मनुष्यों को हठयोग व राजयोग का अभ्यास एक-साथ ही करना चाहिए।
यह विशेषरूपेण ध्यातव्य है कि हठयोगी व तापस भिन्न होते हैं क्योंकि कभी-कभी उन्हें समान समझ लिया जाता है। वस्तुत: तापस हठयोगियों का अर्ध-अनुकरण करते हैं। तापस अपनी क्रियाओं द्वारा प्राय: अपने शरीर को हानि पहुँचा लेते हैं जिसे आयुर्वेद की दीर्घकालिक चिकित्सा व हठयोग की सहायता से दूर करने का प्रयास किया जाता है और कभी-कभी पूरा सुधार हो ही नहीं पाता!